रामपुर: मंडी समिति की बैठक में व्यापारियों ने उठाई समस्याएं, नीतीश अग्रवाल निर्विरोध बने मंडी अध्यक्ष
रामपुर। रामपुर के तिलक नगर कॉलोनी से व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी साथी बड़ी संख्या में मंडी समिति पहुंचे, जहां मंडी समिति की बैठक में व्यापारियों ने अपनी गंभीर समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी के निर्देशन में नीतीश अग्रवाल को निर्विरोध मंडी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में व्यापारियों ने बताया कि नवीन फ्रूट और सब्जी मंडी की दुकानें बहुत छोटी हैं, जिनके आगे बने चबूतरे खुले और बिना साए के हैं। पहले टीन शैड और तिरपाल से सुरक्षा की गई थी, लेकिन अब उनके ध्वस्तीकरण से भारी नुकसान हुआ है। छोटी दुकानों में पर्याप्त जगह न होने के कारण आलू, प्याज और अन्य सब्जियां खराब हो रही हैं।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि चुनाव के समय मंडी समिति में वोटिंग मशीनें और पेटियां रखी जाती हैं, जिससे व्यापारियों को सड़क पर आना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि चुनाव की वोटिंग व्यवस्था कहीं और की जाए।
बैठक में रखी गई अन्य मुख्य मांगें:
दुकानों के आगे पक्के टीन शैड लगवाए जाएं।
खाली पड़ी 75% जमीन पर नई दुकानें और शेड बनाए जाएं।
मंडी में बने तीन गेट में से बंद पड़े गेट को खोला जाए ताकि यातायात सुचारू हो और जाम की समस्या कम हो।
पानी की गुणवत्ता सुधारी जाए, क्योंकि हैंडपंप का पानी पीने योग्य नहीं है।
मंडी में जलभराव और नालियों की सफाई कराई जाए।
व्यापारियों की इन समस्याओं को सुनने के बाद नगर मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों का समाधान मंडी समिति स्तर पर कराया जाएगा और आगे से किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी, मंडल अध्यक्ष अब्दुल बासिक, प्रदेश मंत्री पप्पू खान, शाहिद मामू, नूर अली, नाजिश मियां, बाबू खान, दिलशाद अहमद, फहीम अहमद, शादाब खान, साहब खान, गोपाल शर्मा, शराफत खान समेत सैकड़ों व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
