रामपुर: हाउस टैक्स और वाटर टैक्स में भारी बढ़ोतरी के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन

रामपुर: तिलक नगर कॉलोनी स्थित उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कार्यालय से सैकड़ों व्यापारी और पदाधिकारी नगर पालिका कार्यालय की ओर मार्च करते हुए पहुंचे और वहां जोरदार नारेबाजी कर नगर पालिका के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक नगर में हाउस टैक्स और वाटर टैक्स की दरें लगभग 50 गुना तक बढ़ा दी गई हैं। साथ ही नगर पालिका परिषद की ओर से अंधाधुंध नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता में आक्रोश और पीड़ा व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि रामपुर की अर्थव्यवस्था पहले से ही उद्योगों के अभाव में जर्जर हो चुकी है, जिससे लाखों लोग, विशेष रूप से युवा और गरीब तबके के लोग, अपने परिवारों को पीछे छोड़कर रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों और विदेशों की ओर पलायन कर गए हैं।

उन्होंने मांग की कि नगर पालिका परिषद की अगली बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कर इस टैक्स वृद्धि को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान मंडल अध्यक्ष अब्दुल वासिक, प्रदेश मंत्री पप्पू खान, शादाब खान, मोहम्मद रफी, दानिश नजाकत अली, विष्णु सैनी, विजय सैनी, सामी खान, मिलन सक्सेना, मोहम्मद यासीन, शाहिद खुसरो, अलीम खान, शादाब खान समेत सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.