रामपुर: टैक्स बार एसोसिएशन ने कार्यशाला में दी जीएसटी रिटर्न, नये नियमों व चुनावी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी
भारत क्राउन प्लाज़ा में सम्पन्न हुई कार्यशाला एवं साधारण सभा, चुनाव अधिकारी घोषित
रामपुर। फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित भारत क्राउन प्लाज़ा हॉल में 28 मई 2025 की शाम टैक्स बार एसोसिएशन रामपुर द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यशाला एवं साधारण सभा का आयोजन किया गया। शाम 6 बजे से 7 बजे तक प्रबंध कार्यकारिणी सभा और 7 बजे से रात 9:30 बजे तक साधारण सभा का आयोजन हुआ, जिसमें कर अधिवक्ताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.ए. राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि जीएसटी विभाग के ग्रेड-1 उच्चाधिकारी श्री अशोक कुमार सिंह, जो हाल ही में झाँसी से स्थानांतरित होकर मुरादाबाद आए हैं, को रामपुर कार्यालय में आयोजित विभागीय बैठक के दौरान एसोसिएशन की ओर से स्वागत किया गया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया कि जिन फर्मों द्वारा जीएसटी रजिस्ट्रेशन के बाद समय पर रिटर्न दाखिल नहीं की जा रही है, उनकी रिटर्न फाइल करवाना आवश्यक है।
उन्होंने यह भी बताया कि कंपोजीशन स्कीम के तहत निल रिटर्न फाइल करने वाली फर्मों पर कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है और नई फर्मों के पंजीकरण में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सभा में आगामी कार्यकाल 2025–26 एवं 2026–27 के चुनाव के लिए एडवोकेट प्रवीण कुमार भांडा को चुनाव अधिकारी मनोनीत करने का प्रस्ताव प्रबंध कार्यकारिणी सभा में पारित हुआ, जिसे बाद में साधारण सभा में सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। उन्हें 20 जून 2025 तक नई कार्यकारिणी के चुनाव की ज़िम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यशाला के दौरान अध्यक्ष सी.ए. आर. के. अग्रवाल ने जीएसटी व इनकम टैक्स कानूनों में हुए हालिया संशोधन तथा नये नोटिफिकेशन की विस्तृत जानकारी देकर कर पेशेवरों का ज्ञानवर्धन किया। उन्होंने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्णयों का भी उल्लेख करते हुए, उनके आधार पर क्लाइंट्स को लाभ दिलाने की सलाह दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता सयैद एम.एम. रिज़वी, प्रमोद कुमार चावला, अज़ीम इक़बाल खां, योगेश अग्रवाल, विजय अग्रवाल, प्रवीण कुमार भांडा, आशीष कमथानियाँ, सौरभ अग्रवाल, गुलवेज़ खान, राजीव सक्सेना, हैदर रिज़वी, अंकुर अग्रवाल, कार्तिक सिंघल समेत अनेक प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं कर अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
सभा के अंत में रात्रि भोज का आयोजन हुआ, जिससे सभी सदस्यों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण और आपसी समन्वय और भी सुदृढ़ हुआ।
