रामपुर पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
रामपुर, 6 जुलाई 2025 : जनपद रामपुर में मोहर्रम और आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है।
आज दिनांक 06 जुलाई 2025 को पुलिस अधीक्षक, रामपुर द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक के साथ थाना बिलासपुर, कैमरी व भोट क्षेत्रों का भ्रमण कर मोहर्रम जुलूस से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जुलूसों की समयबद्ध जानकारी और शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड को चेक किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के दौरान हर गतिविधि पर निगरानी रखें और समय-समय पर कंट्रोल रूम को अपडेट करते रहें।
एक दिन पूर्व की तैयारी – 05 जुलाई 2025 :
पुलिस अधीक्षक, रामपुर के निर्देशन में थाना शाहबाद परिसर में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें उपजिलाधिकारी शाहबाद, क्षेत्राधिकारी शाहबाद तथा प्रभारी निरीक्षक शाहबाद ने भाग लिया।
गोष्ठी में थाना क्षेत्र के जत्थेदारों और सम्भ्रान्त व्यक्तियों को उच्चाधिकारियों के आदेशों से अवगत कराया गया। सभी से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सहयोग मांगा गया।
कांवड़ियों से नियमों का पालन करने, सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रावण मास की धार्मिक यात्राएं और मोहर्रम जैसे आयोजन सौहार्दपूर्ण माहौल में, बिना किसी बाधा के सम्पन्न हो सकें। इसके लिए ज़िला प्रशासन पूरी तैयारी के साथ जुटा हुआ है।
