रामपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के सफल कार्यकाल के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा विकास भवन परिसर में पर्यटन विकास को लेकर विचार गोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाओं और रोजगार सृजन के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईआईए एवं होटल एसोसिएशन के चेयरमैन श्रीश गुप्ता ने कहा कि रामपुर एक ऐतिहासिक नगर है, जहां के किले, प्राचीन मंदिर, हस्तकला और हस्तशिल्प अपनी अलग पहचान रखते हैं। उन्होंने बताया कि यहां की पैचवर्क, ज़री, चटाई, चाकू, पतंग, टोपी और वायलिन देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं। साथ ही विश्व प्रसिद्ध रजा लाइब्रेरी में सोने से लिखी रामायण और हस्तलिखित कुरान जैसे दुर्लभ ग्रंथ पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रामपुर उत्तराखंड चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार होने के कारण पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नरेश सिंघल ने प्रदेश सरकार की होम स्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना को आम लोगों के लिए रोजगार का बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत स्थानीय निवासी 6 से 12 कमरों तक के होम स्टे संचालित कर सकते हैं, जिससे उन्हें आय का स्थायी स्रोत मिलेगा। यह योजना टैक्स फ्री है और इसके लिए सरकार द्वारा ऋण एवं सब्सिडी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, होम स्टे संचालक इकबाल खान और उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव ने भी अपने विचार रखे। पर्यटन शोधकर्ता ऋषिकेश कुमार सिंह ने होम स्टे नीति और बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना के लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में पर्यटन सूचना अधिकारी मनीषा राणा ने सरकार की विभिन्न पर्यटन योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की और सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश पुरस्कार से सम्मानित गौरव द्वारा किया गया।
