“यातायात माह – नवम्बर 2025” में रामपुर पुलिस का बड़ा कदम, वधिर चालकों के लिए शुरू हुआ विशेष जनजागरूकता अभियान

रामपुर।“यातायात माह – नवम्बर 2025” के अंतर्गत यातायात पुलिस रामपुर द्वारा पुलिस लाइन स्थित सभागार में “वधिर चालक/कान का प्रतीक योजना” को प्रभावी रूप से लागू करने और अधिकाधिक नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुँचाने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।
अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आकर्षक बैनर, पोस्टर, होर्डिंग और स्टिकर के माध्यम से योजना के उद्देश्य, पात्रता, लाभ और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी जनता तक पहुँचाई जाएगी।
इस महत्वपूर्ण योजना का लक्ष्य शारीरिक रूप से दिव्यांग—विशेष रूप से वधिर चालकों—को सड़क एवं यातायात व्यवस्था में अधिक सुरक्षित, सहज और सम्मानजनक आवागमन उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र वधिर व्यक्तियों को विशेष “कान का प्रतीक” दिया जाएगा, जिसे उनके वाहन पर लगाया जाएगा। इस प्रतीक के माध्यम से उन्हें वाहन संचालन, पार्किंग, मार्ग उपयोग और अन्य आवश्यक सुविधाओं में विशेष सहूलियत प्रदान की जाएगी।
यातायात पुलिस रामपुर ने आम जनता से अपील की है कि वे इस योजना की जानकारी समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने में सहयोग करें। साथ ही यातायात माह के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित, सुचारू और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहभागी बनें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.