Rampur News: हाईवे किनारे दो दुकानों पर चला नगर पालिका का बुलडोजर, विरोध के बीच खाली कराई गई सरकारी ज़मीन
रामपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सोमवार को हाईवे किनारे बमनपुरा स्टेडियम के पास सरकारी ज़मीन पर बनी दो दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
नगर पालिका की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। जैसे ही तोड़फोड़ शुरू हुई, दुकानदारों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका की टीम ने थाना गंज पुलिस को सूचना दी।
नगर पालिका के खाद एवं सफाई निरीक्षक अविनाश कुमार ने बताया कि पालिका के संपत्ति लिपिक अफजल समीर समेत अन्य कर्मचारियों के साथ अभियान चलाया गया था। इस दौरान दुकानदारों ने विरोध किया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दुकानदार मौके से फरार हो गए, और टीम ने अतिक्रमण को पूरी तरह खाली करवा लिया।
नगर पालिका ने थाना गंज में इस घटना को लेकर लिखित तहरीर भी दी है, जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके।
