Rampur News: मुख्तार अब्बास नक़वी का विपक्ष पर कटाक्ष, कहा – “परिवारतंत्र की राजनीति जनता बार-बार नकार रही है”

रामपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने अपने रामपुर प्रवास के दौरान विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “लश्करे लफ्फ़ाजी की लम्पट लाबी” झूठ के झुनझुने और झांसे के झाड़ से सच के पहाड़ पर हमला कर खुद अपनी राजनीति डुबोने में लगी हुई है।

पत्रकारों से बातचीत में नक़वी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल संविधान की किताब हाथ में लेकर लोकतंत्र को परिवारतंत्र का बंधक बनाने की साज़िश में लगे हैं। यही कारण है कि इन दलों का जनाधार लगातार सिमट रहा है, जबकि उनका अहंकार सिर चढ़कर बोल रहा है।

मोदी सरकार पर भरोसा और विपक्ष पर वार

नक़वी ने कहा कि मोदी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी ईमान, इक़बाल और इन्साफ़ के संकल्प के साथ सुशासन के सफल सफ़र को आगे बढ़ा रही है। आज़ादी के बाद यह पहली गैर-कांग्रेस सरकार है, जिसने बिना कुनबे और कांग्रेस के सपोर्ट के स्थायित्व और सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सिद्धांत रहा है – “या तो परिवार सत्ता में हो, वरना अस्थिरता का माहौल बनाओ।” लेकिन इस बार कांग्रेस और उनके सहयोगी दल अपनी ही चालों में उलझे हुए हैं।

Rampur News: Mukhtar Abbas Naqvi takes a dig at the opposition, said- "People are repeatedly rejecting the politics of family system"यूपी चुनावों को लेकर भविष्यवाणी

नक़वी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “धृष्टतापूर्ण धमाल और सत्तालोलुपता में डूबे खुराफाती सूरमा” जनता से लगातार गच्चा खा रहे हैं। आगामी विधानसभा और पंचायत चुनाव में भी जनता उन्हें चौबीसों घंटे चुनावी चौपाल पर चारो खाने चित करेगी।

मुस्लिम समाज को लेकर बयान

नक़वी ने कहा कि भाजपा ने कभी भी मुसलमानों या किसी भी वर्ग के विकास में कमी नहीं की। अब समय आ गया है कि मुस्लिम समाज भाजपा के प्रति फैलाए गए भय और भ्रम की राजनीति से बाहर निकले। उन्होंने कहा कि भाजपा को नजरअंदाज करना मुल्क और मुसलमानों के हित में नहीं है।

उन्होंने छद्म धर्मनिरपेक्ष दलों पर आरोप लगाया कि ये अल्पसंख्यकों को मुख्यधारा से जोड़ने की बजाय उन्हें नकारात्मक राजनीति में उलझाए रखते हैं।

वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान

नक़वी ने कहा कि मोदी सरकार की समावेशी और सर्वस्पर्शी सुधार योजनाओं ने भारत को सुशासन का वैश्विक ब्रांड बना दिया है। आर्थिक, सामाजिक, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत सभी क्षेत्रों में सुधार ने भारत को मजबूती से आगे बढ़ाया है।

रामपुर प्रवास

अपने दो दिवसीय रामपुर प्रवास पर नक़वी भाजपा नेता जुगेश अरोड़ा के निवास पर पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों से आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.