रामपुर: नवाब काजिम अली खां ने मंगेश भारती पर कराया आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज
जल्द होगी मंगेश भारती की गिरफ्तारी- इंस्पेक्टर
रामपुर : फसाहत अली खां शानू की हत्या की साजिश के आरोपी मंगेश भारती की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने मंगेश भारती के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि मंगेश ने सोशल मीडिया पर नूर महल और नवाबों के खिलाफ अभद्र, अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
नवेद मियां ने गंज पुलिस को दी तहरीर
पूर्व मंत्री नवेद मियां ने गंज थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मंगेश भारती एक असामाजिक तत्व और कई मामलों में नामजद अभियुक्त है। वह समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता है और लगातार फेसबुक पर धार्मिक उन्माद फैलाने वाली और आपत्तिजनक पोस्ट करता रहता है। इससे पहले भी उसके पोस्टों को लेकर कई बार विवाद हो चुके हैं।
राजनीतिक रंजिश के चलते की जाती हैं टिप्पणियां
नवेद मियां ने आरोप लगाया कि मंगेश राजनीतिक रंजिश के चलते विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ अभद्र और अश्लील टिप्पणियां करता है। उन्होंने बताया कि ईद के दिन जब वे फसाहत अली खां शानू के घर गए थे, तब उन्होंने अपने मोबाइल पर देखा कि मंगेश ने नूर महल और नवाबों के खिलाफ अपमानजनक बातें लिखी हैं।
समाज में नफरत फैलाने का आरोप
तहरीर में यह भी कहा गया है कि मंगेश की टिप्पणियों से समाज में नवेद मियां और उनके परिवार के प्रति घृणा का भाव उत्पन्न हुआ है। यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि मंगेश पहले भी फसाहत अली खां शानू की हत्या की साजिश में शामिल रहा है, लेकिन गिरफ्तारी न होने से उसके हौसले और बुलंद हो गए हैं।
आईटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
गंज पुलिस ने मंगेश भारती के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गंज थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि मंगेश की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
