- रिपोर्ट:शाहबाज़ खान
रामपुर। नगर पालिका की लगातार लापरवाही के कारण पान दरीबा रोड का निर्माण अभी तक नहीं हो पाया है, जबकि इस सड़क के लिए बजट सेंक्शन हो चुका है और टेंडर भी पास हो चुका है। इसके बावजूद सड़क का कार्य शुरू न होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। मामला अखबारों में भी सुर्खियों में बना हुआ है।
इसी मुद्दे को लेकर जन सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष वसीम उल हसन खान ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को लेटर पैड पर लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके चलते लगातार बड़ी लापरवाही और उदासीनता देखी जा रही है।
वसीम उल हसन खान के नेतृत्व में समिति के कई सदस्य जिलाधिकारी से मिले और पान दरीबा रोड से लेकर जामा मस्जिद तक सड़क निर्माण जल्द से जल्द करवाने की मांग की। स्थानीय नागरिकों ने भी नगर पालिका की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बारिश में सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है।
जनसेवा समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं होता, तो बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
