रामपुर: नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा कूड़े में रोज लगाई जा रही आग, जहरीले धुएं से जनता बेहाल

  •  रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर में नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा प्रतिदिन कूड़े के ढेरों में आग लगाए जाने से शहरवासियों का जीना दूभर हो गया है। खासकर बमनपुरी स्टेडियम के निकट स्थित कूड़े के ढेर में शाम होते ही आग लगा दी जाती है, जिससे पूरे इलाके में जहरीला धुआं फैल जाता है। इस धुएं के कारण हजारों घरों में रहने वाले लोग मजबूरी में अपने घरों के अंदर कैद होकर रहने को विवश हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़े में आग लगाए जाने से वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है। जहरीले धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि इस प्रदूषण के चलते टीबी जैसी गंभीर बीमारियों के मामले भी बढ़ रहे हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन इस ओर आंखें मूंदे बैठा है।

कूड़े में लगने वाली आग से पूरे शहर में धुएं का गुबार छा जाता है, जिससे दृश्यता भी प्रभावित होती है। कई बार हालात ऐसे हो जाते हैं कि शहर में धुएं के कारण अंधेरा सा माहौल बन जाता है। इसका सीधा असर यातायात पर भी पड़ रहा है। हाईवे पर धुएं के चलते भीषण और लंबा जाम लग रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए मांग की है कि कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था की जाए और खुले में कचरा जलाने की इस खतरनाक प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या जनस्वास्थ्य के लिए और भी घातक साबित हो सकती है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.