रामपुर। पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामपुर के रोशन बाग पार्क में चेतना योग संस्था द्वारा आयोजित योग शिविर में सहभागिता की। खास बात यह रही कि वह कार्यक्रम में रिक्शे से पहुंचे, जिसे भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार खुद चला रहे थे। इस दृश्य ने योग दिवस को और भी यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में नकवी ने समाज के प्रमुख लोगों के साथ योगाभ्यास करते हुए कहा कि
“‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के संकल्प के साथ ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ आज वैश्विक शांति और सेहत का प्रतीक बन गया है।”
उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का साधन है, बल्कि समाज में सद्भाव, समरसता और एकता की भावना को भी मजबूत करता है। नकवी ने स्पष्ट रूप से कहा कि योग को किसी धर्म, जाति या राष्ट्र की सीमाओं में बांधना अनुचित है — यह मानवता के लिए स्वास्थ्य और संतुलन की “गोल्डन चाबी” है।
उन्होंने कुछ लोगों पर कटाक्ष करते हुए कहा,
“दुर्भाग्य है कि कुछ लोग सेहत के इस खजाने को भी धर्म के चश्मे से देखने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनका मानसिक तनाव भी योग से ही ठीक हो सकता है।”
नकवी ने इस अवसर पर महर्षि पतंजलि की योग परंपरा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त राष्ट्र में की गई पहल को सराहा, जिसकी बदौलत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया।
पौधारोपण और शोक संवेदना
योग शिविर के बाद नकवी ने रोशन बाग पार्क में नीम का पौधा रोपा और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। इसके पश्चात वे भाजपा नेता अवधेश शर्मा के पिता के निधन पर ज्वालानगर स्थित उनके आवास जाकर शोक संवेदना प्रकट की।
कार्यक्रम में प्रमुख लोग रहे उपस्थित:
इस अवसर पर नगर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जागेश्वर दयाल दीक्षित, कपिल आर्य, संगीता रानी भाटिया, राजीव मांगलिक, प्रभात अग्रवाल समेत कई भाजपा पदाधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे।
