रामपुर: जिला चिकित्सालय में बढ़ती भीड़ के मद्देनज़र मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एक्शन मोड में, ओपीडी में की गईं कई व्यवस्थाएं

रामपुर: जिला चिकित्सालय रामपुर में आगामी सोमवार को संभावित भारी भीड़ के पूर्वानुमान को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.के. वर्मा एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने ओपीडी ब्लॉक में मरीजों एवं उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं करवाईं।

डॉ. वर्मा ने स्वयं गार्डों और कर्मचारियों की मदद से ओपीडी क्षेत्र में बैठने के लिए अतिरिक्त बेंचें लगवाने का कार्य करवाया, ताकि मरीजों को इंतजार के दौरान कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही, अस्पताल परिसर में जगह-जगह जरूरी सूचना वाले बैनर और पोस्टर भी लगाए गए ताकि आने वाले लोगों को दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से मिल सकें।

स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए चिकित्सालय परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। जरूरत के मुताबिक नई लाइटें भी लगाई गईं, ताकि ओपीडी हॉल और उसके आसपास का क्षेत्र पर्याप्त रूप से रोशन रहे।

मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए कई नवाचार भी किए गए, जिनमें प्रमुख हैं:

मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स की स्थापना

कूलर की व्यवस्था

जेबकतरे व दलालों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे

माइक्रोफोन द्वारा जागरूकता संबंधी घोषणाएं

माइकों के जरिए लगातार सतर्कता बरतने, भीड़ से बचने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वर्मा ने कहा कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज और उनके परिजन की सुविधा सर्वोपरि है। सोमवार को भीड़ अधिक रहने की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी इंतज़ाम समय रहते पूरे किए जा रहे हैं।

रामपुर जिला अस्पताल की यह पहल निश्चित रूप से अन्य जिलों के लिए एक मिसाल बन सकती है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और मरीजों की सुविधाओं पर इतना गंभीरता से ध्यान दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.