रामपुर, 26 अगस्त। रामपुर में दहेज उत्पीड़न का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता अनीता रानी अपने पति और ससुराल पक्ष के अत्याचारों से तंग आकर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा के दरबार में पहुंची और इंसाफ की गुहार लगाई।
अनीता रानी ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसकी शादी को 23 साल हो चुके हैं। शादी के समय उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार 10 लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन विवाह के बाद से ही ससुर धर्म सिंह दहेज कम लाने का ताना देने लगे। वहीं, पति दिनेश कुमार लगातार 15 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि पिता ने पहले ही 140 गज का मकान उसके नाम कर दिया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष तंग करता रहा। अनीता के अनुसार, पति और ससुर लगातार उस पर जुल्म करते हैं, मारपीट करते हैं और हर समय ताने मारते रहते हैं। हालात इतने बिगड़े कि पति ने उसके बाल तक काट दिए।
थकी-हारी अनीता अब न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची है। उसने मीडिया के माध्यम से भी प्रशासन से अपील की कि उसे न्याय दिलाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि एसपी विद्यासागर मिश्रा इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाते हैं और पीड़िता को इंसाफ कब तक मिल पाता है।
