रामपुर, 26 अगस्त। रामपुर शहर में हाउस टैक्स और वाटर टैक्स लागू करने के खिलाफ हम एकता मंच ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मंच ने एक्स्ट्रा मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका अध्यक्ष पर मनमानी करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि टैक्स को वापस नहीं लिया गया तो इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे।
हम एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शादाब शफीक खां ने आरोप लगाते हुए कहा कि—
“पालिका अध्यक्ष सना खनम अपनी मनमानी पर उतारू हैं। हाउस टैक्स और वाटर टैक्स को तुरंत समाप्त किया जाए। जो भी सर्वे कराया गया है वह पूरी तरह गलत है। एक ही घर को दो-दो नोटिस दिए गए हैं। जिलाधिकारी से हमारी मांग है कि सही सर्वे कराया जाए और केवल सही टैक्स ही लगाया जाए।”
उन्होंने कहा कि रामपुर गरीबों का शहर है और यहां की जनता पहले ही महंगाई और आर्थिक तंगी से जूझ रही है।
“लोगों के पास खाने-पीने तक के लिए पैसे नहीं हैं, ऐसे में भारी-भरकम टैक्स कहां से देंगे। किसी पर हजार रुपये का टैक्स बनता है तो उन पर 50 हजार रुपये का जुर्माना डाल दिया गया है। गरीब जनता यह बोझ नहीं उठा सकती।”
वहीं अधिवक्ता रेहान खां ने भी रोष जताते हुए कहा कि—
“नगर पालिका अध्यक्ष जनता की आवाज़ नहीं सुन रहीं और पूरी तरह मनमानी पर उतर आई हैं।”
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से व्यापार मंडल और अन्य संगठनों द्वारा भी हाउस टैक्स और वाटर टैक्स के खिलाफ धरना-प्रदर्शन व ज्ञापनबाजी की जा रही है, मगर कोई नतीजा सामने नहीं आया है। अब अधिवक्ताओं और हम एकता मंच के शामिल होने से विरोध और तेज हो गया है।
जनता की स्पष्ट मांग है कि गरीब तबके को टैक्स के दायरे से बाहर रखा जाए और मनमानी बंद हो। अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नज़रें टिकी हैं।
