रामपुर: आम महोत्सव में आम की विविध किस्मों का रसास्वादन कर अतिथि हुए आनंदित!

रामपुर। गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी “संस्कृति प्रेरणा मंच” के तत्वावधान में “रंगोली मंडप” में नवें आम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एक पारिवारिक एवं कुटुंब मिलन समारोह के रूप में संपन्न हुआ, जिसमें आमंत्रित अतिथियों ने आम की विभिन्न किस्मों का रसास्वादन किया और आयोजन का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम से पूर्व इंद्र देवता की वर्षा ने रामपुर को भिगो दिया था, लेकिन जैसे ही आयोजन का समय आया, मौसम ने करवट ली और साफ व खुला आसमान आयोजन के लिए अनुकूल हो गया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह औलख ने विशेष रूप से उपस्थित होकर महोत्सव की गरिमा बढ़ाई। उन्होंने उपस्थित जनसमूह के साथ लंगड़ा, कलमी, चौसा, टपका, सुरमेदानी, सुर्खा, तुकमी, कठा आम जैसी अनेक किस्मों का स्वाद लिया और देशी व्यंजनों का आनंद उठाया।

आमों के स्वाद के साथ-साथ मंच पर प्रस्तुत संगीत और हास्य की प्रस्तुति ने भी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकप्रिय गायकों ने अपनी मधुर आवाज़ से माहौल को सुरमय बना दिया, वहीं मुंबई से आए हास्य कलाकारों ने अपनी चुटीली बातों से उपस्थित जनों को खूब गुदगुदाया और महोत्सव में ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन सुमित अग्रवाल (सोनू) ने किया और धनंजय पाठक ने मंच से सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में शामिल होने वालों में शहर के कई प्रतिष्ठित और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
सुभाष नन्दा, वीरेन्द्र गर्ग, मनोज गर्ग, मुनन खां, राजीव सिंघल, जुगेश अरोरा “कुक्कू”, महेश जुनेजा, संजय पाठक, ललित अग्रवाल, आर. के. जैन, अमित मैंदीरत्ता, गिरिराज सरन अग्रवाल, सुनील गोयल (सोनी ताऊ), नवनीत गुप्ता, गोविन्द पाण्डे, सतेन्द्र भटनागर, सोनू जिन्दल, अरविन्द अग्रवाल, आकाश कपूर, अंकित रस्तोगी आदि।

रात 11 बजे तक यह महोत्सव स्वाद, संगीत और सौहार्द के संगम के रूप में चलता रहा और सभी ने इस आयोजन को यादगार बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.