रामपुर।यूपी-112 परियोजना के अंतर्गत UP112 Performance Dashboard पोर्टल की रैंकिंग प्रणाली में माह जनवरी 2026 के दौरान जनपद रामपुर ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जनपद रामपुर को इस अवधि में 94.34 अंक प्राप्त हुए, जिसके आधार पर वह उत्तर प्रदेश में शीर्ष स्थान पर रहा।
गौरतलब है कि परियोजना यूपी-112 जनपद रामपुर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करता आ रहा है। इससे पूर्व माह सितम्बर, अक्टूबर, नवम्बर, दिसम्बर वर्ष 2024 तथा वर्ष 2025 के माह जनवरी से दिसम्बर तक और अब जनवरी 2026 में भी जनपद रामपुर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस प्रकार रामपुर जनपद यूपी-112 परफॉर्मेंस डैशबोर्ड में लगातार 17वीं बार प्रथम स्थान पर रहा है।
UP112 Performance Dashboard पोर्टल की रैंकिंग प्रणाली में पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) का औसत रिस्पांस टाइम, एक्नॉलेजमेंट, इनरूट एवं अराइव टाइम, पीआरवी उपलब्धता, कॉलर फीडबैक, आरओआईपी गतिविधि, इवेंट क्लोजर सिस्टम, अर्ली अराइव और विजिलेंस जांच रिपोर्ट के अंकों के आधार पर जनपद की रैंकिंग तय की जाती है।
पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यूपी-112 के कुशल नेतृत्व में परियोजना यूपी-112 जनपद रामपुर की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की है। जनपद के प्रथम स्थान पर आने पर पुलिस अधीक्षक रामपुर ने यूपी-112 रामपुर की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है और इसी प्रकार निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया।
इस उपलब्धि से जनपद रामपुर पुलिस का मान बढ़ा है और आम जनता के मन में पुलिस सेवा के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
khabre junction
