रामपुर: वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा को भारत रत्न गौरव सम्मान मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
रामपुर। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा को दिल्ली में भारत रत्न गौरव सम्मान से सम्मानित किए जाने पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने उनके मिलक स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. शर्मा को अंगवस्त्र व पगड़ी पहनाई, भगवान शंकर का ध्यानस्थ चित्र भेंट किया और मिष्ठान खिलाकर उनके सम्मान में अपनी श्रद्धा प्रकट की।
जिलाध्यक्ष गंगवार ने कहा कि डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा को यह सम्मान मिलना रामपुर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि डॉ. शर्मा हिंदी साहित्य के प्रकाश स्तम्भ हैं, जिनकी विद्वता और लेखनी से समाज लगातार प्रेरणा ले रहा है। उनके संपादकीय लेखों में राष्ट्रीय चेतना के साथ भारतीय दर्शन, योग और विज्ञान का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है।
गंगवार ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी डॉ. शर्मा के लेखों की प्रशंसा की है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे डॉ. शर्मा से प्रेरणा लें और साहित्य व लेखन के क्षेत्र में आगे बढ़ें।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष ममता अत्री, जिला मंत्री हेमारानी, उपाध्यक्ष प्रमोद सक्सेना, शशि कान्ता शर्मा, सपना कुमारी, नीरज कुमारी, निधि गोस्वामी, भक्ति गुप्ता, अमित कुमार और प्रधानाचार्य मनीराम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
