रामपुर, 30 जून: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश महासचिव हसीब अहमद ने जिले में खाद की किल्लत और किसानों के शोषण को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में प्राइवेट खाद विक्रेता किसानों को खाद के साथ जबरन कीटनाशक खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इसे लेकर भाकियू शीघ्र आंदोलन शुरू करेगी।
यह बातें उन्होंने प्रदेश कैंप कार्यालय पर आयोजित एक पंचायत में कहीं, जहां किसानों की समस्याओं पर कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा की गई। पंचायत में कार्यकर्ताओं ने खाद की कमी और जबरन कीटनाशक बेचे जाने की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
खाद विक्रेताओं की बनेगी सूची, होगा विरोध
हसीब अहमद ने कहा कि ऐसे विक्रेताओं की सूची तैयार की जाएगी जो किसानों के साथ जबरदस्ती कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि अगर कोई खाद विक्रेता कीटनाशक लेने का दबाव बनाए, तो इसकी सूचना तत्काल उन्हें या अपने क्षेत्र के भाकियू पदाधिकारी को दें।
किसानों के उत्पीड़न को नहीं देंगे बर्दाश्त
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी हालत में किसानों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। संगठन इस मुद्दे पर पूरी ताकत से संघर्ष करेगा और दोषी विक्रेताओं के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन की मजबूती पर भी दिया जोर
पंचायत में संगठन की मजबूती और किसानों की एकता को बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर दरबारी लाल शर्मा, चौधरी राजपाल सिंह, ख़लील अहमद, नरोत्तम, असीम मलिक, राम बहादुर, मोहम्मद तालिब, रामावतार, इंद्रजीत, छिद्दा नेता, मुस्तकीम, हारून, अनिल ठाकुर, फ़हीम तुर्की, गुड्डू और कमल सिंह गंगवार जैसे अनेक किसान नेता मौजूद रहे।
