रामपुर में रिश्ता धोखाधड़ी का मामला: मेहंदी की रात खुला दूल्हे का राज, पीड़िता ने लगाई इंसाफ की गुहार
रामपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना गंज क्षेत्र की एक पीड़िता ने मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि उसकी शादी के नाम पर बिलासपुर के खोदलपुर तहसील निवासी नईम मियाँ के परिवार ने धोखा किया।
जानकारी के मुताबिक, फरवरी माह में रिश्ता तय किया गया था। यह रिश्ता पीड़िता के जीजा इमरान ने लगवाया था। बाद में पता चला कि जीजा इमरान दूल्हा पक्ष से मिला हुआ था। शादी की तैयारियाँ पूरी हो चुकी थीं, लेकिन मेहंदी की रात लड़की के घर पर बवाल मच गया।
दरअसल, उसी दौरान दूल्हे की पत्नी और बच्चा सामने आ गए। पत्नी ने आकर लड़की वालों के घर में जमकर हंगामा किया और पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया। इसके बाद शादी रुक गई और मामला पुलिस तथा कोर्ट तक पहुँच गया।
पीड़िता ने बताया कि उसे और उसके परिवार को दूल्हा पक्ष से जान का खतरा है। उसके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है, जिससे परिवार और अधिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। अब पीड़िता ने मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की है।
