कनाडा से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय पंजाबी युवक बिरिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात 14 मार्च को एडमंटन के पास लेडुक इलाके में हाईवे-2 पर हुई। इस घटना के बाद परिवार समेत पंजाब और कनाडा में बसे भारतीय समुदाय में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बिरिंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ छुट्टी के दिन लंबी ड्राइव पर गया था। इसी दौरान एक दूसरी कार उनका पीछा कर रही थी और रेस लगाने की कोशिश कर रही थी। कुछ समय बाद वह कार आगे आकर अचानक रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरी गाड़ी में बैठे व्यक्ति ने इशारा किया, जिस पर बिरिंदर और उसके दोस्तों ने भी प्रतिक्रिया दी। तभी अचानक हमलावर ने गोली चला दी, जो सीधे बिरिंदर को लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिवार ने इसे भेदभाव से जुड़ा मामला बताया है। बिरिंदर के भाई का कहना है कि कनाडा में भेदभाव की घटनाएं बढ़ रही हैं और खासकर पंजाबी सिख युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं पिता ने बताया कि उनका बेटा अमृतधारी था और हमेशा दस्तार पहनता था।
बिरिंदर सिंह अमृतसर के पलास साहिब रोड क्षेत्र का रहने वाला था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह तीन साल पहले उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था और पढ़ाई पूरी करने के बाद अल्बर्टा में कंस्ट्रक्शन के कार्य से जुड़ा हुआ था। परिवार के अनुसार वह मेहनत के बल पर वहां बेहतर जीवन की ओर बढ़ रहा था और बड़े सपने देख रहा था।
फिलहाल, उसके दोस्तों द्वारा ‘गो फंड मी’ के माध्यम से फंड इकट्ठा किया जा रहा है, ताकि उसका पार्थिव शरीर भारत लाया जा सके और परिजन अंतिम दर्शन कर सकें। परिवार ने सरकार से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
