प्रियंका चोपड़ा ने ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ में निक जोनास संग करवा चौथ का रोमांटिक किस्सा किया साझा

नेटफ्लिक्स पर प्रसारित ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ के चौथे सीज़न के पहले एपिसोड में ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने अपने पति निक जोनास के साथ करवा चौथ मनाने का बेहद रोमांटिक और दिलचस्प किस्सा साझा किया। प्रियंका की यह कहानी दर्शकों को खूब पसंद आई और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई।

प्रियंका चोपड़ा भले ही आज एक अंतरराष्ट्रीय स्टार बन चुकी हों, लेकिन वह अपनी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से गहराई से जुड़ी हुई हैं। अमेरिका में पति निक जोनास और बेटी मालती मैरी के साथ रहने के बावजूद वह हर भारतीय त्योहार पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाती हैं। उन्होंने पहले भी कई बार बताया है कि निक जोनास ने भारतीय रीति-रिवाजों और हिंदू त्योहारों को दिल से अपनाया है।

बादलों के ऊपर जाकर देखा चांद
शो के दौरान प्रियंका ने बताया कि उनकी सास डेनिस जोनास हर साल करवा चौथ पर उनके लिए सरगी भेजती हैं। प्रियंका ने हंसते हुए कहा, “मेरी सास हर करवा चौथ पर सरगी भेजती हैं, ये उनका फेवरेट त्योहार है।” उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार करवा चौथ के दिन चांद नहीं दिख रहा था और बारिश के बादल छाए हुए थे। हजारों लोगों के बीच शो चल रहा था और रात के 10-11 बजे तक चांद नजर नहीं आया। ऐसे में निक जोनास उन्हें अपने प्राइवेट प्लेन में बादलों के ऊपर ले गए, जहां उन्होंने चांद देखकर अपना व्रत तोड़ा।

इंस्टाग्राम पर साझा कीं तस्वीरें
प्रियंका ने करवा चौथ 2025 के जश्न की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर भी साझा की थीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “सरप्राइज!! पापा वापस आ गए! अपने व्यस्त टूर के बीच भी वह हर साल यह सुनिश्चित करते हैं कि मेरे साथ करवा चौथ मनाएं। मेरी सास एक दिन पहले सरगी भेजती हैं और मेरी मां व्रत तोड़ने के लिए विकास खन्ना द्वारा बनाया गया स्वादिष्ट खाना लाती हैं। यही तो मेरे सपने थे। मेरे सच्चे चांद बनने के लिए धन्यवाद, हमेशा और हमेशा के लिए प्यार।”

कपिल शर्मा शो में दिखेगा प्रियंका का जलवा
प्रियंका चोपड़ा नेटफ्लिक्स पर आने वाले ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ के चौथे सीज़न में खास मेहमान के रूप में नजर आएंगी। नए सीज़न में कपिल शर्मा एक राजा के रूप में वापसी करेंगे। कृष्णा अभिषेक लार्जमाता, किकू शारदा मोटापा और सुनील ग्रोवर डायमंड राजा के किरदार में दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।

शो में फ्लर्टिंग को लेकर मजेदार बातचीत भी देखने को मिलेगी। कपिल शर्मा के मजाक पर प्रियंका ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “निक को आदत है… उसे पता है सब मुझसे फ्लर्ट करते हैं, लेकिन मैं घर तो वही जाती हूं।” प्रियंका का यह बेबाक अंदाज़ दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.