नवाजुद्दीन सिद्दीकी संग काम करने का मौका ही ‘कॉस्टाओ’ के लिए हां कहने की सबसे बड़ी वजह थी — प्रिया बापट
मुंबई। अभिनेत्री प्रिया बापट इन दिनों अपनी फिल्म ‘कॉस्टाओ’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ स्क्रीन साझा कर रही हैं और उनके अनुसार, इस फिल्म के लिए ‘हां’ कहने की सबसे बड़ी वजह भी वही थे।
प्रिया ने कहा, “नवाज सर के साथ काम करने का मौका मिलना ही ‘कॉस्टाओ’ के लिए मेरी सहमति की सबसे बड़ी वजह थी। मैं उनके काम की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं।”
फिल्म में प्रिया ‘मारिया’ की भूमिका निभा रही हैं, जो एक मजबूत और भावनात्मक रूप से जटिल किरदार है। उन्होंने नवाजुद्दीन के अभिनय की तारीफ करते हुए कहा, “मैं हमेशा से उनके काम, उनकी ऑनस्क्रीन ईमानदारी, उनके किरदारों की पसंद और उनके समर्पण से प्रेरित रही हूं। उनके साथ इतने करीब से काम करना, उन्हें देखना और उनकी पत्नी का किरदार निभाना मेरे लिए एक बेहद सीखने वाला अनुभव था।”
प्रिया ने आगे कहा कि नवाजुद्दीन के अभिनय में एक “कच्चा और सच्चा” पहलू है, जो किसी भी दृश्य को बेहद वास्तविक बना देता है। “उनके साथ काम करने से मेरी खुद की परफॉर्मेंस भी बेहतर हुई। हर पल में टिके रहना, उसे महसूस करना – ये सब कुछ उन्होंने सिखाया।”
उन्होंने निर्देशक सेजल मैम और पूरी टीम का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ये अवसर उनके करियर के लिए बेहद खास रहा।
फिल्म ‘कॉस्टाओ’ एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जिसकी महत्वाकांक्षाएं और आंतरिक संघर्ष उसके व्यक्तिगत जीवन को बुरी तरह प्रभावित करते हैं। फिल्म में बलिदान, प्रेम और समय के साथ संघर्ष कर रहे रिश्तों की कहानी को दर्शाया गया है। यह फिल्म ZEE5 पर स्ट्रीम हो रही है।
प्रिया बापट इससे पहले ‘काकस्पर्श’, ‘आम्ही दोघी’, ‘हैप्पी जर्नी’ जैसी मराठी फिल्मों में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2000 में फिल्म ‘डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर’ से की थी।
वह ‘मुन्नाभाई MBBS’, ‘लगे रहो मुन्नाभाई’, और ‘मी शिवाजीराजे भोसले बोलतोय’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘अंधळी कोशिंबीर’, ‘वजनदार’, ‘टाइम प्लीज’ जैसी फिल्मों में भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
प्रिया को वेब सीरीज़ ‘मायानगरी – सिटी ऑफ़ ड्रीम्स’ में लीड रोल निभाने के लिए भी खूब सराहा गया था।
