लखीसराय(सरफराज आलम)। जिले की पर्यटन संभावनाओं को नई दिशा देने की पहल के तहत जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने आज ऐतिहासिक व पुरातात्त्विक महत्व वाली सत्संडा पहाड़ी का विस्तृत निरीक्षण किया। डीएम ने इस क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं का गहन अध्ययन किया और संबंधित अधिकारियों से विकास संबंधी सुझाव लिए।
निरीक्षण के दौरान प्रोफेसर अनिल कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने डीएम को सत्संडा पहाड़ी के ऐतिहासिक महत्व, पुरातात्त्विक अवशेषों और संरक्षण की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रोफेसर ने बताया कि यह स्थल बौद्ध एवं प्राचीन भारतीय संस्कृति की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और वैज्ञानिक रूप से संरक्षित किए जाने पर यह राष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल बन सकता है।
वहीं नोनगढ़ पंचायत की मुखिया जूली कुमारी भी निरीक्षण में शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर पर्यटन सुविधाओं, मार्ग सुधार और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सत्संडा पहाड़ी विकसित होने से स्थानीय युवा एवं ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि सत्संडा पहाड़ी के आसपास पर्यटन-अनुकूल वातावरण, साफ-सफाई, पहुंच मार्ग और आवश्यक सुविधाओं के विकास हेतु जल्द ही एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस स्थल को लखीसराय के पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है।
सत्संडा पहाड़ी का यह निरीक्षण जिले में पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Khabre Junction (खबरें जंक्शन) is an emerging channel of the country. Where we introduce .. every news of your state and city. You will also be able to enjoy breaking news, politics, sports and entertainment related to the public interest of the country and the world here.
