लखीसराय(सरफराज आलम)लखीसराय में प्रस्तावित मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को डीएम मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने कजरा स्थित सोलर पावर प्लांट परिसर के समीप चिन्हित खाली मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया।
यह निरीक्षण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में किया गया। अधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सोलर पावर प्लांट के इंचार्ज एवं संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखने तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन दल और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन को पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया।
कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया गया। आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं समतलीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जेनरेटर उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा जिले के विकास कार्यों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
