लखीसराय-सूर्यगढ़ा में मतगणना की तैयारी पूरी, डीएम बोले – निष्पक्ष व भयमुक्त मतगणना प्रशासन की प्राथमिकता

  • रिपोर्ट: सरफराज आलम

लखीसराय । आगामी 14 नवंबर को होने वाली लखीसराय और सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डीएम मिथिलेश मिश्र ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली गई हैं। मतगणना केंद्र की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं।
डीएम ने बताया कि मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी, पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और मतगणना की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी। हालांकि मतगणना स्थल का सीधा प्रसारण नहीं किया जाएगा।
राजनीतिक दलों और स्थानीय लोगों के लिए विद्यापीठ स्थित बालिका विद्यालय में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, वहीं प्रेस और कर्मचारियों के लिए डायट कॉलेज में अलग पार्किंग स्थल बनाया गया है।
डीएम ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त और पारदर्शी मतगणना कराना है। सभी निर्वाचित पदाधिकारियों, मतगणना पर्यवेक्षकों और माइक्रो ऑब्जर्वरों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनावश्यक भीड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.