अमृतसर में पेट्रोल की कीमतों को लेकर एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। शहर के ढींगरा पेट्रोल पंप पर प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में 1.97 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि सामान्य पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं।
पेट्रोल पंप मालिक के अनुसार पहले प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 104.93 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर 106.90 रुपये हो गई है। उन्होंने बताया कि यह रेट मशीनों में स्वतः अपडेट होते हैं और इसमें किसी प्रकार का मानवीय हस्तक्षेप नहीं होता।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रीमियम पेट्रोल की मांग सामान्य पेट्रोल की तुलना में काफी कम होती है। अधिकांश उपभोक्ता सामान्य पेट्रोल या डीजल का ही उपयोग करते हैं, इसलिए इस बढ़ोतरी का आम लोगों पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
पंप मालिक ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की घबराहट न फैलाएं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत से ज्यादा ईंधन का भंडारण करना खतरनाक हो सकता है और इससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि शुरुआती समय में कुछ आशंका जरूर बनी थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य है। लोग पहले की तरह ही सामान्य रूप से पेट्रोल और डीजल भरवा रहे हैं और बाजार में किसी तरह की अफरातफरी नहीं है।
khabre junction
