प्रेमानंद जी महाराज ने बताया आलस भगाने का आसान उपाय, मोबाइल की आदत पर रखें नियंत्रण

वृंदावन।अक्सर देखा जाता है कि सुबह लाख कोशिशों के बावजूद बिना अलार्म के नींद नहीं खुलती। मोबाइल फोन पर निर्भरता इतनी बढ़ गई है कि दिन की शुरुआत भी अलार्म की आवाज से होती है। इसी विषय पर वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज ने आलस और मोबाइल की बढ़ती लत से छुटकारा पाने का सरल और प्रभावी उपाय बताया है।
प्रेमानंद जी महाराज के अनुसार आज के समय में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी मोबाइल फोन पर अत्यधिक निर्भर हो चुके हैं। सुबह आंख खुलते ही सबसे पहले मोबाइल देखने की आदत बन गई है। मोबाइल जहां एक ओर सुविधाजनक है, वहीं दूसरी ओर यह व्यक्ति को आलसी भी बना रहा है।
एक भक्त द्वारा पूछे गए प्रश्न पर महाराज जी ने कहा कि आलस और मोबाइल से छुटकारा पाने के लिए सबसे पहले स्वयं पर नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोबाइल जितना लाभकारी है, उतना ही नुकसानदायक भी हो सकता है, यदि उसका सही उपयोग न किया जाए।
प्रेमानंद जी महाराज ने बताया कि आलस कोई बीमारी नहीं है, बल्कि यह अभ्यास की कमी का परिणाम है। अभ्यास के माध्यम से ही आलस को दूर किया जा सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अभ्यास से 30 रोटी की भूख 3 रोटी में शांत हो सकती है और अभ्यास से ही 8 घंटे की नींद 3 घंटे में पूरी हो सकती है।
महाराज जी ने सुबह जल्दी उठने के लिए अलार्म पर निर्भर रहने के बजाय संकल्प को जरूरी बताया। उनका कहना है कि यदि व्यक्ति सोने से पहले मन में दृढ़ निश्चय कर ले कि उसे सुबह निश्चित समय पर उठना है, तो नींद अपने आप उसी समय खुल जाती है और अलार्म की आवश्यकता नहीं पड़ती।
प्रेमानंद जी महाराज के इन विचारों को लोग न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से बल्कि दैनिक जीवन में अनुशासन और आत्मनियंत्रण के लिए भी बेहद उपयोगी मान रहे हैं।

 

khabre junction

डिस्क्लेमर- यहां दी गई जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। khabrejunction.com इनकी पुष्टि नहीं करता।

Leave A Reply

Your email address will not be published.