15 मार्च को होगी चपरासी/परिचारी भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा, तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

लखीसराय में 9 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा, सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर

लखीसराय(सरफराज आलम) व्यवहार न्यायालयों में परिचारी/चपरासी/आदेशपाल पद पर नियुक्ति के लिए 15 मार्च को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला एवं प्रधान सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने की।

बैठक में परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ करें। बताया गया कि जिले में कुल 9 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आशीष कुमार अग्निहोत्री ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर, सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मियों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएगी, ताकि सभी परीक्षार्थियों को समान अवसर मिल सके। परीक्षा कार्य में लगे सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों और कर्मियों को पहचान पत्र (आई कार्ड) धारण करना अनिवार्य होगा। बायोमेट्रिक सत्यापन, जैमर संचालन और अन्य तकनीकी कार्यों में लगे कर्मियों के लिए भी आई कार्ड पहनना अनिवार्य किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि से बाहर ही परीक्षार्थियों के परिजनों को रहने की अनुमति होगी। परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

बैठक में अपर सत्र न्यायाधीश राजन कुमार, उप न्यायाधीश रंजीत कुमार सोनू, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.