90 के दशक का पॉपुलर शो ‘शक्तिमान’ फिर से करेगा कमबैक, मुकेश खन्ना ने किया वादा पूरा

मुंबई: 90 के दशक में बच्चों के दिलों पर राज करने वाला शो ‘शक्तिमान’ एक बार फिर लौटने जा रहा है। मुकेश खन्ना, जिन्होंने इस शो में शक्तिमान और गंगाधर का किरदार निभाया था, ने अपने फैंस से वादा किया था कि वह इस शो को फिर से लेकर आएंगे। अब, उन्होंने अपने वादे को पूरा करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और टीजर के जरिए इसकी वापसी की घोषणा की है।

मुकेश खन्ना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अब उनके लौटने का समय आ गया है… हमारे पहले इंडियन सुपर टीचर-सुपर हीरो…आज के बच्चों पर अंधकार और बुराई हावी हो रही है…उनके लौटने का समय आ गया है। वह एक संदेश लेकर लौट रहे हैं, वह एक शिक्षा लेकर लौट रहे हैं।” साथ ही, उन्होंने ‘शक्तिमान’ का टीजर और पोस्टर भी जारी किया, जो उनके यूट्यूब चैनल भीष्म इंटरनेशनल पर उपलब्ध है।

टीजर में मुकेश खन्ना आज़ादी के लिए एक गाना गाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसमें लिखा है, “आजादी के दीवानों ने जंग लड़ी फिर जाने दी, अंग अंग कट गए मगर पर आंच वतन पर न आने दी”। इस टीजर के साथ ही फैंस में एक नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल बन गया है।

यह शो 1997 से 2005 तक प्रसारित हुआ था और इसके किरदार आज भी लोगों के दिलों में ताजे हैं। शक्तिमान के किरदार ने हर घर में बच्चों को अपने सुपरहीरो जैसा बना दिया था। अब, 2024 में इसका कमबैक न केवल बच्चों बल्कि बड़े दर्शकों के लिए भी खास साबित हो सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.