महाराष्ट्र की राजनीति में जारी गहमा-गहमी के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने हालिया घटनाक्रम से स्वयं को अलग कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उन्हें इस पूरे मामले की कोई जानकारी नहीं है।
दरअसल, महाराष्ट्र में एनसीपी नेता अजित पवार के निधन के बाद सरकार में उनकी जगह भरने को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। बताया जा रहा है कि सुनेत्रा पवार आज शाम 5 बजे उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकती हैं। इसे लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की आज दोपहर करीब दो बजे अहम बैठक भी प्रस्तावित है।
क्या बोले शरद पवार?
बारामती में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में शरद पवार ने कहा कि उन्हें सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण की जानकारी केवल मीडिया में आई खबरों के माध्यम से मिली है। पवार परिवार के किसी सदस्य के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह के किसी कार्यक्रम की जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह फैसला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने ही लिया होगा।
दोनों धड़ों के विलय पर क्या कहा?
शरद पवार ने कहा कि उनके भतीजे अजित पवार की इच्छा थी कि एनसीपी के दोनों धड़े एकजुट हों और वे इसे लेकर आशावादी भी थे। उन्होंने बताया कि अजित पवार, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल के बीच दोनों धड़ों के विलय को लेकर बातचीत शुरू हो चुकी थी और 12 फरवरी की तारीख भी तय कर ली गई थी। लेकिन दुर्भाग्यवश उससे पहले ही अजित पवार का निधन हो गया।
गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार की मृत्यु के बाद राकांपा नेताओं के एक वर्ग ने मांग की थी कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में अजित पवार के पास रहा पद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को दिया जाए। अजित पवार राज्य सरकार में वित्त मंत्री का पद संभाल रहे थे।
यदि सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेती हैं तो वे महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री होंगी। शनिवार सुबह से ही अजित पवार के देवगिरी बंगले के बाहर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता वहां जुटे रहे। हालांकि, इस फैसले के बाद शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के साथ संभावित विलय की कोशिशों पर विराम लगने की संभावना भी जताई जा रही है।
khabre junction
