रामपुर में ड्रोन उड़ने की अफवाहों पर पुलिस की सख्ती, 448 लोगों को किया गया जागरूक

रामपुर। बीते कुछ दिनों से जनपद रामपुर में आसमान में ड्रोन उड़ते देखे जाने की सूचनाएँ स्थानीय लोगों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आ रही थीं। इन सूचनाओं के कारण आम जनता में भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि अब तक की जांच में रामपुर जिले में असामान्य रूप से ड्रोन उड़ान की कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है।

इस संदर्भ में रामपुर पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाते हुए सभी थानों के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को गांव-गांव भ्रमण करने के निर्देश दिए। रविवार को जिले के सभी थाना प्रभारियों ने 19 स्थानों पर गोष्ठियां आयोजित कर 448 स्थानीय लोगों को जागरूक किया। इसमें आमजन को बताया गया कि ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए और क्या नहीं।

पुलिस की जांच में सामने आई संभावनाएँ

कई बार खिलौना हेलिकॉप्टर की रोशनी को ड्रोन समझ लिया जाता है।

ऊँचाई पर उड़ते हवाई जहाज की लाइट को भी ड्रोन मान लिया जाता है।

किसी व्यक्ति के “ड्रोन देखा गया” कह देने पर, भले ही किसी ने वास्तव में न देखा हो, अफवाह फैल जाती है।

आमजन क्या करें?

अफवाहें न फैलाएँ, बिना पुष्टि कोई सूचना साझा न करें।

संदिग्ध वस्तु दिखने पर तत्काल स्थानीय थाना या 112 पर सूचित करें।

ड्रोन की दिशा और उड़ान का पैटर्न देखें, जिससे संभावित लोकेशन का अंदाजा लगाया जा सके।

क्या न करें?

सच्चाई जाने बिना किसी बात को सोशल मीडिया पर शेयर न करें।

पुरानी घटना को वर्तमान बताकर अफवाह न फैलाएँ।

वायरल करने के उद्देश्य से भ्रामक पोस्ट न डालें।

संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, स्वयं कोई कार्रवाई न करें।

ड्रोन धारकों के लिए दिशा-निर्देश

ड्रोन नियमावली 2021 के अनुसार किसी भी ऐसे संचालन पर प्रतिबंध है, जो व्यक्ति या संपत्ति की सुरक्षा के लिए खतरा बने।

250 ग्राम से अधिक वजन वाले सभी ड्रोन का डिजिटल स्काई प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण अनिवार्य है।

नियमों का उल्लंघन करने पर 1 लाख रुपये तक का जुर्माना और भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

रामपुर पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.