2 अगस्त को हुए नौजवान के हत्यारों तक पहुँची पुलिस, तंत्र विद्या के बहाने हुआ था कत्ल

अमृतसर, 4 अगस्त: अमृतसर के थाना इस्लामाबाद क्षेत्र में 2 अगस्त को हुए युवक विक्की की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की यह घटना तंत्र विद्या और पारिवारिक विवाद के चलते अंजाम दी गई थी।

इस संबंध में एडीसीपी-1 विशालजीत सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मृतक विक्की पेशे से मजदूर था और उसने नरेंद्र कुमार की पत्नी व बेटी की मानसिक परेशानी दूर करने के नाम पर तंत्र विद्या से इलाज करने का दावा किया था।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि तंत्र विद्या की आड़ में विक्की का व्यवहार नरेंद्र की बेटी के प्रति अनुचित था, जिससे गुस्साए नरेंद्र कुमार ने उसे अपने घर बुलाकर इस मुद्दे पर बात की। कहासुनी बढ़ने पर नरेंद्र कुमार ने तलवार से विक्की पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने इस हत्या के मामले में नरेंद्र कुमार, उसकी पत्नी, बेटा और बेटी को गिरफ्तार किया है। थाना इस्लामाबाद पुलिस ने मृतक की माता के बयान पर मामला दर्ज कर गहन जांच की और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को भी सामने लाया जाएगा। घटना के खुलासे के बाद स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.