अपराधियों पर अब पुलिस की सामत,लखीसराय में 10 कुख्यात अपराधी मोस्ट वांटेड घोषित,दो पर 50-50 हजार का इनाम
लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में आतंक कायम करने वाले पेशेवर अपराधियों के खिलाफ अब लखीसराय पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने मंगलवार को जिले के टॉप-टेन अपराधियों की सूची जारी करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर इनाम की घोषणा की। इस कार्रवाई के बाद फरारजा अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
एसपी ने बताया कि सूची में शामिल सभी अपराधी विभिन्न संगीन कांडों में नामजद हैं और लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे हैं। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बड़हिया थाना क्षेत्र के दानी टोला निवासी नीतेश कुमार उर्फ बजरंगी तथा लखीसराय थाना क्षेत्र के आकाश कुमार उर्फ बबुआ पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। दोनों के विरुद्ध विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं सूची में शामिल अन्य आठ अपराधियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। इनमें मयंक कुमार उर्फ चिक्कू (नंदपुर, सूर्यगढ़ा), रमण सिंह (सरमा, तेतरहाट), मुन्ना कुमार व पंकज कुमार (पवई, सूर्यगढ़ा), पप्पू सिंह (जाखन, वीरूपुर), अंकित कुमार व दिलखुश कुमार (हलसी क्षेत्र) तथा प्रीतम कुमार (रतनपुर, सूर्यगढ़ा) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन सभी पर विभिन्न थानों में कई आपराधिक कांड दर्ज हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इन फरार अपराधियों के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।वैसे देखा जाए तो एसपी अवधेश दीक्षित इन दिनों काफी एक्शन मोड में दिख रहे हैं।
