पटना में BPSC शिक्षक अभ्यर्थियों पर पुलिस का लाठीचार्ज, पूरक परिणाम की मांग को लेकर प्रदर्शन
सीएम हाउस के पास प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस की कार्रवाई
पटन: पटना के हाई-सिक्योरिटी वीवीआईपी जोन में सोमवार को BPSC TRE-3 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने पूरक परिणाम (Supplementary Result) की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जब प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें तितर-बितर कर दिया।
चार महीने से आंदोलनरत अभ्यर्थियों की बढ़ती नाराजगी
प्रदर्शन में शामिल एक अभ्यर्थी सुभाष सिंह ने बताया कि वे पिछले चार महीने से गर्दनीबाग में धरना दे रहे हैं। “हमने मंत्री, सचिव, विधायक सभी से मुलाकात की, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला,” उन्होंने कहा। एक अन्य अभ्यर्थी ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने बीपीएससी को पत्र भेजने की बात कही थी और एसीएस ने भी मौखिक आश्वासन दिया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्लाकार्ड और नारों के जरिए आक्रोश जताया
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए हुए थे, जिन पर लिखा था:
“No Supplementary, No Vote for BPSC TRE-3”
“No Vote for Those Who Rob Youth of Their Rights”
“Give Supplementary or Give Us Death”
इन नारों से छात्रों का आक्रोश और निराशा साफ झलक रही थी।
अभिभावकों ने भी मांगी न्यायोचित मांग
एक अभ्यर्थी के पिता ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया और कहा, “जो अभ्यर्थी एक-दो अंकों से पिछड़ गए हैं, उन्हें पूरक परिणाम के जरिए सफल घोषित किया जाना चाहिए।”
87,774 पदों पर भर्ती, अब तक 51,000 को ही नियुक्ति
BPSC द्वारा आयोजित TRE-3 शिक्षक भर्ती में 87,774 पदों की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक सिर्फ लगभग 51,000 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति पत्र मिला है। शिक्षा मंत्री ने पहले पूरक परिणाम जारी करने का वादा किया था, लेकिन अब तक उसकी कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।
