थाना को0कटरा पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम ने किया बड़ा खुलासा: नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 14 आरोपी गिरफ्तार
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मीरजापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में थाना को0कटरा पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने गिरोह के 14 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 मोटरसाइकिल, 10 मोबाइल फोन, कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर आदि बरामद किए हैं। साथ ही, उनके बैंक खातों में जमा करीब 8 लाख रुपये भी सीज किए गए।
मामला ऐसे खुला
16 सितंबर 2025 को वादी तनिष उमराव, निवासी कानपुर ने थाना को0कटरा में तहरीर दी थी कि कुछ लोग कंपनी में नौकरी देने का झांसा देकर उससे और अन्य लोगों से धन उगाही कर रहे हैं। इस पर थाना को0कटरा में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जंगीरोड़ ककरहवा क्षेत्र से 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरोह का काम करने का तरीका
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वे Lead Vision Trading India Private Ltd. नाम से एक फर्जी कंपनी चलाते थे। इसके जरिए वे प्रदेश के विभिन्न जिलों के युवाओं को नौकरी का झांसा देते और उनसे प्रति व्यक्ति 22,000 रुपये वसूलते। पैसे न देने पर उन्हें बंधक बनाकर मारपीट करते और जान से मारने की धमकी देकर उनकी जेब से पैसे वसूलते। साथ ही, फर्जी कंपनियों के सौंदर्य प्रसाधन उत्पाद जबरन खरीदवाकर भी ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपी
इस गिरोह में शामिल आरोपियों की पहचान शेष अवतार, अरविंद कुमार, बब्लू गुप्ता, हवन सिंह, पवन, निखिल कुमार, लवकुश, निलेश सक्सेना, विजय सक्सेना, राजा कुमार, संतोष, रंजीत कुमार, प्रांशु तिवारी और सत्यम के रूप में हुई है। सभी आरोपी यूपी, मध्य प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस टीम को मिली सफलता
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह, निरीक्षक राजीव कुमार सिंह (प्रभारी एसओजी), उ0नि0 मानवेन्द्र सिंह (प्रभारी सर्विलांस) सहित पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। सभी आरोपियों को आवश्यक कार्यवाही के बाद न्यायालय/जेल भेजा जा रहा है।
