PM Modi Ethiopia Tour: अनोखी जनजातियों और परंपराओं की धरती इथियोपिया, जहां दूध में मिलाकर पिया जाता है गाय का खून

इथियोपिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर अफ्रीकी देश इथियोपिया पहुंचे। यह देश न सिर्फ अपनी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति के लिए जाना जाता है, बल्कि यहां रहने वाली जनजातियों और उनकी अनोखी परंपराएं भी पूरी दुनिया में चर्चा का विषय रही हैं। इथियोपिया की ओमो वैली में रहने वाले कई कबीले आज भी सदियों पुरानी परंपराओं का पालन करते हैं।

दूध में मिलाकर पीते हैं गाय का खून

ओमो वैली में रहने वाली बोदी जनजाति अपनी अनोखी जीवनशैली के लिए प्रसिद्ध है। बोदी लोग खुद को ताकतवर बनाए रखने के लिए दूध में गाय का खून मिलाकर उसका सेवन करते हैं। उनका मानना है कि इससे शरीर मजबूत होता है और ऊर्जा बढ़ती है। यह परंपरा बाहरी दुनिया को भले ही अजीब लगे, लेकिन बोदी समुदाय के लिए यह उनकी संस्कृति का अहम हिस्सा है।

हथियारों से करते हैं पशुओं और जमीन की रक्षा

इथियोपिया की मुर्सी जनजाति भी अपनी अलग पहचान रखती है। मुर्सी लोग हमेशा हथियारों के साथ रहते हैं और अपनी जमीन व पशुओं की रक्षा स्वयं करते हैं। इस जनजाति में भी रक्त पीने की परंपरा प्रचलित है, जिसे वे शारीरिक शक्ति और स्वास्थ्य से जोड़कर देखते हैं।

मुर्सी महिलाओं की अनोखी परंपरा

मुर्सी जनजाति की महिलाओं की एक विशेष परंपरा भी दुनियाभर में जानी जाती है। शादी से पहले महिलाओं के निचले होंठ को काटकर उसमें लकड़ी या मिट्टी की प्लेट डाली जाती है। माना जाता है कि जिस महिला की प्लेट जितनी बड़ी होती है, उसे उतना ही सुंदर और सम्मानित माना जाता है।

सुरी कबीले में भी होंठों में प्लेट की परंपरा

इसी तरह सुरी कबीले की महिलाओं में भी होंठों में प्लेट लगाने की परंपरा है। यह परंपरा उनकी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक रिवाजों का प्रतीक मानी जाती है।

प्रधानमंत्री मोदी की इथियोपिया यात्रा के साथ एक बार फिर यह देश अपनी अनोखी जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के कारण चर्चा में है। इथियोपिया आधुनिक विकास के साथ-साथ अपनी प्राचीन परंपराओं को भी आज तक संजोए हुए है, जो इसे विश्व मानचित्र पर एक अलग पहचान दिलाती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.