जॉर्डन के क्राउन प्रिंस की कार में पीएम मोदी, तस्वीरों ने बटोरी सुर्खियां

नई दिल्ली/अम्मान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर किसी बड़ी विदेशी हस्ती के साथ कार में सफर करते नजर आए हैं, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जॉर्डन के क्राउन प्रिंस अल-हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी को अपनी कार में बिठाकर जॉर्डन म्यूजियम तक पहुंचाया। इस खास पल की तस्वीर साझा करते हुए पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “हिज रॉयल हाईनेस क्राउन प्रिंस अल-हुसैन बिन अब्दुल्ला II के साथ जॉर्डन म्यूजियम जाते हुए।”

गौरतलब है कि इससे पहले इसी साल सितंबर में चीन के तियानजिन में पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कार में उनके साथ यात्रा की थी। उस दौरान भी दोनों नेताओं की कार में बैठी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही थीं। अब जॉर्डन के क्राउन प्रिंस के साथ पीएम मोदी की यह तस्वीरें एक बार फिर कूटनीतिक गर्मजोशी का संदेश दे रही हैं।

कौन हैं क्राउन प्रिंस अल-हुसैन
क्राउन प्रिंस अल-हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय, पैगंबर मोहम्मद की 42वीं पीढ़ी के सीधे वंशज माने जाते हैं। वह जॉर्डन के राजा किंग अब्दुल्ला द्वितीय और क्वीन रानिया के सबसे बड़े पुत्र हैं और देश के भावी सम्राट के रूप में देखे जाते हैं।

जॉर्डन दौरे पर पीएम मोदी
जॉर्डन यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह नई दिल्ली और अम्मान के बीच संबंधों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक कदम है। उन्होंने कहा कि रिन्यूएबल एनर्जी से लेकर डिजिटल इनोवेशन तक विभिन्न क्षेत्रों में होने वाला सहयोग भारत-जॉर्डन साझेदारी की बढ़ती गहराई को दर्शाता है।

इससे पहले अम्मान पहुंचने पर पीएम मोदी का जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने हवाई अड्डे पर औपचारिक स्वागत किया। बाद में अल हुसैनीया पैलेस में किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया, जहां दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और जॉर्डन के बीच मजबूत होते कूटनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई दिशा देने के रूप में देखी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.