PM Modi on Red Fort Blast: साजिश की तह तक जाएंगे, दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भूटान से कड़ा संदेश

नई दिल्ली/थिम्फू,;दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण धमाके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान से अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। दो दिन के राजकीय दौरे पर भूटान पहुंचे पीएम मोदी ने इस आतंकी हमले को लेकर कड़े शब्दों में कहा —
“साजिश की तह तक जाएंगे और इस हमले के एक भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।”

सोमवार शाम करीब 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में जोरदार ब्लास्ट हुआ था। धमाके में 9 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस और NIA की टीमें लगातार जांच में जुटी हैं। मंगलवार को धमाके से पहले की एक CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें संदिग्ध सफेद i20 कार दिखाई दे रही है।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

भूटान से बयान जारी करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा —

“आज मैं बहुत भारी मन से यहां आया हूं। कल शाम दिल्ली में जो भयानक घटना हुई, उससे हर कोई दुखी है। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं। पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मैं कल रात भर जांच एजेंसियों के संपर्क में था। हमारी एजेंसियां साजिश की तह तक जाएंगी और जो भी इसके पीछे हैं, उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जो दोषी हैं, उन्हें सजा जरूर मिलेगी।”

पीएम मोदी ने आगे कहा कि यह हमला सिर्फ दिल्ली पर नहीं, बल्कि भारत की शांति और एकता पर किया गया है। उन्होंने कहा कि देश ऐसी ताकतों को कभी कामयाब नहीं होने देगा।

राजनाथ सिंह का बयान

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि दिल्ली धमाके की जांच तेजी से और पूरी तरह की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “इसके लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के नतीजे जल्द सार्वजनिक किए जाएंगे।”

‘दिल्ली डिफेंस डायलॉग’ में बोलते हुए उन्होंने कहा —

“मैं कल दिल्ली में हुए दुखद हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति अपनी दिली संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि शोक संतप्त परिवारों को शक्ति और हिम्मत मिले।”

जांच में जुटी एजेंसियां

इस बीच, दिल्ली पुलिस, NIA और फॉरेंसिक टीमें धमाके के हर पहलू की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में विस्फोटक उच्च तीव्रता (High Intensity) का बताया जा रहा है। कार मालिक की पहचान हो चुकी है और कई लोगों से पूछताछ जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.