भिवाड़ी, राजस्थान: ओशी फाउंडेशन द्वारा चलाया गया “प्लास्टिक मुक्त भिवाड़ी” अभियान को पूरे उत्साह के साथ शुरू हुआ। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और पर्यावरण की रक्षा हेतु एक ठोस कदम उठाना है। कार्यक्रम का स्लोगन – “प्लास्टिक हटाओ, धरती बचाओ” लोगों को गहराई से प्रेरित कर रहा है।
इस अभियान की शुरुआत वार्ड नंबर 25 सेक्टर 9 से की गई, जहाँ स्थानीय पार्षद श्री देवेंद्र यादव जी के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता मनोज मुदगल, पंकज कौशिक, जोगिंदर वशिष्ठ, शंकर सिंह और संस्था के अध्यक्ष श्री विवेक शर्मा जी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर दुकानदारों को प्लास्टिक उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में बताया और “प्लास्टिक मुक्त भिवाड़ी” के स्टिकर चिपकाकर जन-जागरूकता का संदेश फैलाया।
कार्यक्रम को नगर पालिका और बीड़ा प्रशासन का भी समर्थन मिला। नगर परिषद द्वारा एक आदेश के तहत अब यदि कोई नॉन-डिस्पोजेबल प्लास्टिक का उपयोग करता पाया जाता है, तो उस पर ₹2000 का जुर्माना लगाया जाएगा। यह सख्त कदम जन चेतना के साथ-साथ जिम्मेदारी भी दर्शाता है।
संस्था प्रमुख श्री विवेक शर्मा ने बताया कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए कितना घातक है – यह न केवल धरती की उर्वरता को प्रभावित करता है, बल्कि जल निकासी व्यवस्था और पशु-पक्षियों के जीवन के लिए भी खतरा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक शुरुआत है, हम इसे भिवाड़ी के सभी 60 वार्डों में विस्तार देने का लक्ष्य रखते हैं।
ओशी फाउंडेशन की महिला सशक्तिकरण पहल ‘STRI शक्ति केंद्र’ में हाथ से बने कपड़े के थैले तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें स्थानीय बाजारों में वितरित किया जाएगा ताकि लोग प्लास्टिक कैरी बैग्स के स्थान पर इन थैलों का उपयोग करें।
इस अभियान में स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों का सहयोग भी देखने को मिला। हर कार्यकर्ता ने उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। यह अभियान मानवता और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
फाउंडेशन की अपील:
“हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस नेक पहल का हिस्सा बनें। आइए, मिलकर एक स्वच्छ, स्वस्थ और प्लास्टिक मुक्त भिवाड़ी की ओर कदम बढ़ाएं।”
