न्यूयॉर्क। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पाइपर रॉकेल ने साल 2026 की शुरुआत एक बड़े दावे के साथ की है। रॉकेल का कहना है कि उन्होंने एक घंटे से भी कम समय में 10 लाख डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये से अधिक) की कमाई कर ली। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस उपलब्धि का जश्न मनाते हुए लिखा, “हमने रिकॉर्ड तोड़ दिया। एक घंटे से भी कम समय में 1,000,000 डॉलर। आप लोग सबसे अच्छे हैं, मेरी जिंदगी बदलने के लिए धन्यवाद।”
कैसे हुई इतनी बड़ी कमाई
पाइपर रॉकेल ने यह कमाई कंटेंट सब्सक्रिप्शन प्लेटफॉर्म OnlyFans के जरिए करने का दावा किया है। OnlyFans अकाउंट लॉन्च करने के बाद उन्होंने स्क्रीनशॉट साझा करते हुए बताया कि सब्सक्रिप्शन से उन्हें लगभग 8,96,000 डॉलर, मैसेजिंग से 2,99,711 डॉलर और टिप्स से 63,342 डॉलर की आय हुई है। कुल मिलाकर यह आंकड़ा 10 लाख डॉलर से अधिक बताया जा रहा है।
कौन हैं पाइपर रॉकेल
जॉर्जिया में जन्मी पाइपर रॉकेल को पहली बार आठ साल की उम्र में पहचान मिली थी। उन्होंने अपनी मां टिफनी स्मिथ के साथ यूट्यूब पर वीडियो पोस्ट करना शुरू किया। बाद में उन्होंने किशोर इन्फ्लुएंसर्स का एक ग्रुप बनाया, जिसे “पाइपर स्क्वाड” के नाम से जाना गया। यह ग्रुप लंबे समय तक सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय रहा।
विवादों से भी रहा नाता
पाइपर रॉकेल और उनकी टीम विवादों में भी घिर चुकी है। जनवरी 2022 में पाइपर स्क्वाड के 11 पूर्व सदस्यों ने उनकी मां टिफनी स्मिथ के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। आरोप लगाया गया था कि बच्चों से काम तो लिया गया, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया गया। यह मामला अक्टूबर 2024 में लगभग 20 लाख डॉलर में निपटाया गया।
नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री में दिखी कहानी
इस पूरे घटनाक्रम को बाद में नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री “बैड इन्फ्लुएंस: द डार्क साइड ऑफ किडफ्लुएंसिंग” में भी दिखाया गया, जिसमें एक बाल इन्फ्लुएंसर के रूप में पाइपर रॉकेल के उभार, उससे जुड़ी चुनौतियों और आरोपों को दर्शाया गया।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
पाइपर रॉकेल के दावे के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक यूजर ने लिखा, “यह थोड़ा परेशान करने वाला है कि लोग चाइल्ड यूट्यूबर्स को फॉलो करते हैं और उस दिन का इंतजार करते हैं जब वे OnlyFans पर आएंगे।” वहीं कुछ लोग इसे डिजिटल युग में इन्फ्लुएंसर्स की कमाई का नया उदाहरण भी बता रहे हैं।
khabre junction
