औरंगाबाद में ‘फार्मा स्पेक्ट्रम-2026’ का आज से आगाज, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ करेंगे मंथन

  • रिपोर्ट: प्रेम सिन्हा

औरंगाबाद। बियाडा परिसर स्थित महादेवा लाल सर्राफ कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सोमवार से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “फार्मा स्पेक्ट्रम-2026” का शुभारंभ हो रहा है। सम्मेलन का मुख्य विषय “फार्मास्युटिकल और बायोमेडिकल विज्ञान में नवाचार और भविष्य के रुझान” रखा गया है।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत के साथ-साथ कई अन्य देशों के विशेषज्ञ और वक्ता शामिल हो रहे हैं। इनमें थाईलैंड, नेपाल, तंजानिया, मलेशिया और नाइजीरिया सहित विभिन्न देशों के शिक्षाविद और वैज्ञानिक अपने विचार साझा करेंगे।

महादेवा लाल सर्राफ कॉलेज ऑफ फार्मेसी के निदेशक डॉ. ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि यह सम्मेलन शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत के पेशेवरों, वैज्ञानिकों और छात्रों के लिए विचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि हाइब्रिड प्रारूप में आयोजित यह कार्यक्रम वैश्विक संवाद और सहभागिता को बढ़ावा देगा, जिससे अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा मिलेगी।

कॉलेज की चेयरपर्सन सरिता सिंह ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य फार्मास्युटिकल और बायोमेडिकल क्षेत्र में उभरते शोध और नई तकनीकों को सामने लाना है। ऐसे आयोजन स्वास्थ्य सेवाओं और औषधि विकास के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं, कार्यकारी निदेशक डॉ. विकास कुमार सिंह ने बताया कि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों का आगमन भी शुरू हो चुका है। सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञ अपने शोध और अनुभव साझा करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.