होली और रमजान से पहले डीएम-एसपी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक, हुड़दंगई करने वालों की खैर नहीं

संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की होगी तैनातीपर्व से पहले शराब माफियाओं के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

होली और रमजान पर्व को लेकर जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने संयुक्त रूप से की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा। इस अवसर पर डीडीसी सुमित कुमार, एसडीएम प्रभाकर कुमार, डीएसपी शिवम् कुमार, डीटीओ मुकुल मणि पंकज, सभी बीडीओ व सीओ, जिले के वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि जिलेवासियों तथा बाहर से आने वाले प्रवासी लोगों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि डीजे, अश्लील गीतों एवं नशाखोरी पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। संबंधित अधिकारियों को इस पर कड़ाई से निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से होली का पर्व शांतिपूर्वक मनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने जिलेवासियों को होली एवं रमजान की मुबारकबाद दी। उन्होंने अपील की कि होली आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व है, लोग मिल-जुलकर इसे मनाएं तथा आगामी ईद के अवसर पर भी आपसी सद्भाव बनाए रखें।

जिलाधिकारी ने उत्पाद अधीक्षक को निर्देशित किया कि शराब माफियाओं पर विशेष चौकसी रखी जाए, ताकि पर्व के दौरान शराब पीकर कोई भी व्यक्ति हुड़दंग न कर सके। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को युवा ग्रुप बनाकर महिलाओं एवं लड़कियों पर फब्तियां कसने वालों पर कड़ी नजर रखने तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि जिले के सभी संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर पुलिस गश्ती बढ़ाई जाएगी। आवश्यकतानुसार पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। जिन हॉटस्पॉट क्षेत्रों में शराब तस्करी की आशंका रहती है, वहां विशेष छापेमारी अभियान चलाकर शराब माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी जिलावासियों से अपील की कि होली शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में प्रशासन का सहयोग करें। जो व्यक्ति रंग या गुलाल लगवाने का इच्छुक हो, उसी को रंग लगाएं, किसी पर जबरन रंग न डालें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की सलाह देते हुए कहा कि कोई भी संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।

एसपी ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को भी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी प्रकार की अफवाह फैलाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.