नई दिल्ली। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की पहल पर देशभर के हवाई अड्डों पर यात्री सेवा दिवस 2025 बड़े उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर यात्रियों के स्वागत से लेकर स्वास्थ्य जांच और विद्यार्थियों के गाइडेड टूर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर अनुभव और सुविधाएं प्रदान करना रहा।
अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंचने वाले यात्रियों का पारंपरिक तिलक कर और गर्मजोशी से स्वागत किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया, जिसमें एयरपोर्ट डायरेक्टर और स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लिया। साथ ही, पंजाब की संस्कृति को दर्शाते हुए बच्चों ने गिद्धा और भंगड़ा प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान 5 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए क्विज़ और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए रक्तदान शिविर तथा ब्लड प्रेशर, शुगर और हीमोग्लोबिन जांच जैसी मुफ्त स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। टैक्सी और ऑटो चालकों के लिए आंखों की जांच भी कराई गई।
10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को एयरपोर्ट का गाइडेड टूर कराया गया, जिसमें उन्हें हवाई अड्डे के संचालन की बारीकियों से अवगत कराया गया। साथ ही यात्रियों से उनके सुझाव और अनुभव भी लिए गए ताकि भविष्य में सेवाओं को और अधिक यात्री-अनुकूल बनाया जा सके।
अमृतसर एयरपोर्ट डायरेक्टर सुरदर्शन कुमार कपाही ने कहा कि यात्री सेवा दिवस यात्रियों को विश्वस्तरीय सेवाएं देने और उनकी यात्रा को सहज बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वहीं डॉ. प्रियंका गोयल ने वृक्षारोपण जैसे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज को पर्यावरण संरक्षण की ओर प्रेरित करेगा।
