विभाजन कोई शांतिपूर्ण विभाजन नहीं, बल्कि रक्तरंजित आघात था: हरीश गंगवार
विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोले भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवारकहा कि सांम्प्रदायिक नरसंहार और अमानवीय हिंसा का वजह बना था विभाजन
रामपुर। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि विभाजन कोई शांतिपूर्ण विभाजन नहीं था, बल्कि रक्तरंजित आघात था। साम्प्रदायिक नरसंहार और अमानवीय हिंसा का सबसे बड़ा कारक था, जहां अनुमानित करीब 15 से 20 लाख लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया था। हमें इतिहास से सबक लेते हुए मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिए एकजुट होना चाहिए।
राम विहार स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित विभाजन विभीषिका समृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, संभल भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर खड़कवंशी, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि 1947 में भारत के विभाजन के कारण सबसे बड़ा विस्थापन हुआ। जिस कारण डेढ़ करोड़ लोग अपने पुश्तैनी घर छोड़ने को मजबूर हो गए थे। हजारों माताओं बहनों का अपहरण कर अमानवीय कृत्य अंजाम दिए गए। कहा कि इतना कुछ होने के बाद भी दशकों तक देश को इन कहानियों के बारे में नहीं बताया गया, यहां तक कि किसी सरकारी कार्यक्रम का हिस्सा भी नहीं बनाया। ऐसे में जो राष्ट्र अपने घाव, अपने इतिहास को स्वीकार नहीं करता, वह कभी सौहार्द्धपूर्ण और स्वस्थ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उन भूले बिसरे लोगों के साथ खड़े होने की नैतिक आवश्यकता है, जिन्हें भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अज भी हिंदुओं का उत्पीड़न जारी है। हिंदू और सिख परिवार सम्मान और सुरक्षा की तलाश में भारत आ रहे हैं। भाजपा सरकार उन्हें सम्मान और सुरक्षा की गारंटी प्रदान करती है। उन्होंने सभी एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाने का संकल्प भी दिलाया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, जिला महामंत्री रविंद्र सिंह रवि, अशोक विश्नोई, मोहन कुमार लोधी, ब्लॉक प्रमुख मोहित सैनी व अर्चना गंगवार, अर्जुन रस्तोगी, जगपाल यादव, संजय चौधरी, कृष्ण अवतार लोधी,प्रदीप गुप्ता , भारत भूषण गुप्ता, लाल सिंह प्रजापति, सोनू लोधी, महेश चंद्रवंशी आदि उपस्थित रहे।
