सामाजिक उत्थान में अग्रसर पंचायतों को मिलती है 50 हजार रुपये की राशि, जो जन कल्याण के कार्यों में पंचायतों को सहयोग करते हैं
ऐलनाबाद ,सिरसा, 22 जनवरी ( एम पी भार्गव ): हरियाणा सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक उत्थान के लिए पंचायत प्रोत्साहन योजना चलाई जा रही है। इस योजना के अंतर्गत उन ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, जो समाज में छुआछूत उन्मूलन, बच्चों को स्कूलों में दाखिला दिलवाने, सफाई व्यवस्था तथा अन्य जन-कल्याणकारी कार्यों में सराहनीय योगदान देती हैं। विशेष रूप से लड़कियों की शिक्षा, न्यूनतम मजदूरी तथा भूमिहीन मजदूरों के संगठन जैसे कार्यों में सक्रिय पंचायतों को इस योजना का लाभ मिलता है। जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जिन पंचायतों की कुल जनसंख्या का 40 प्रतिशत या उससे अधिक हिस्सा अनुसूचित जाति वर्ग का होता है, उन्हें सरकार की ओर से 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य सामाजिक समानता को बढ़ावा देना और ग्रामीण स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाना है।
डिबेट एवं सेमिनार के माध्यम से करें जागरूक, सरकार कर रही प्रोत्साहित
वहीं हरियाणा सरकार द्वारा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए डिबेट एवं सेमिनार योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला कल्याण अधिकारी की देखरेख में जिला मुख्यालय के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सभाओं और गोष्ठियों का आयोजन किया जाता है।
इन कार्यक्रमों में प्रसिद्ध समाज सुधारकों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों द्वारा अस्पृश्यता निवारण विषय पर भाषण दिए जाते हैं। साथ ही भाषण एवं लेख प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें प्रतिभागियों को अपनी विचारधारा प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।
