बदायूँ:जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार के मार्गदर्शन में जनपद बदायूँ की तहसील दातागंज में महिला कल्याण विभाग की प्रमुख योजनाओं को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना के पोर्टल से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यरत लेखपाल, सचिव, एडीओ तथा पटल सहायकों को योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन एवं निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। यह प्रशिक्षण छवि वैश्य (जिला मिशन समन्वयक), नारायण देव (सामाजिक कार्यकर्ता), हरवेन्द्र कुमार (आंकड़ा विश्लेषक) एवं संरक्षण अधिकारी रवि कुमार द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के उपरांत बाल विवाह निषेध अधिनियम एवं पॉश एक्ट को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण, स्वावलंबन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा कार्यस्थल पर महिला लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही माननीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिनांक 22 फरवरी 2026 को डायट परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से 18 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाओं को मिलने वाली सहायता के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में तहसील दातागंज के साथ-साथ ब्लॉक समरेर, म्याऊ, उसावा एवं दातागंज के कर्मचारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। प्रशिक्षण और कार्यशाला के माध्यम से महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
khabre junction
