पंजाब में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से आज से पूरे राज्य में पंजाब पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार’ की शुरुआत की गई है। यह विशेष अभियान अगले 72 घंटों तक लगातार चलेगा, जिसके तहत अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों, नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अमृतसर देहाती क्षेत्र में इस अभियान की शुरुआत डीआईजी इंदरबीर सिंह की निगरानी में की गई, जहां बड़े स्तर पर कासो (CASO) ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान अमृतसर देहाती के एसएसपी सोहेल मीर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
यह कासो ऑपरेशन थाना कंबो के अंतर्गत आने वाले गांव माल और आसपास के इलाकों में चलाया गया, जहां पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर घर-घर तलाशी ली और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।
मीडिया से बातचीत में डीआईजी इंदरबीर सिंह ने बताया कि आज से ऑपरेशन प्रहार-2 की शुरुआत की गई है, जो तीन दिनों तक चलेगा। यह अभियान पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले ऑपरेशन प्रहार-1 को भी सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए थे।
डीआईजी ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी लोगों और संभावित ठिकानों पर लगातार रेड की जा रही है। सुबह से ही अमृतसर देहाती पुलिस, एसएसपी सोहेल मीर के नेतृत्व में कार्रवाई कर रही है। अब तक 100 से अधिक लोगों को राउंडअप कर उनकी गहन वेरिफिकेशन की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि ऑपरेशन प्रहार-1 के दौरान अमृतसर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की थी। उस दौरान करीब 1300 गैंगस्टरों की पहचान की गई थी, जिनमें से 316 के खिलाफ कार्रवाई की गई और 16 कुख्यात गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत लगभग 125 किलो हेरोइन, चार हैंड ग्रेनेड, कई पिस्तौल और राइफलें भी बरामद की गई थीं।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के जरिए संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क और नशा तस्करी पर निर्णायक प्रहार किया जाएगा, ताकि राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखा जा सके।
khabre junction
