श्रीनगर, 28 जुलाई: भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए भारतीय सुरक्षाबलों ने ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाशिम मूसा फौजी को मार गिराया है।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के दाचीगाम नेशनल पार्क क्षेत्र में सोमवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन आतंकवादी मारे गए, जिनमें हाशिम मूसा फौजी की पहचान की गई है।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक, यह मुठभेड़ श्रीनगर के हरवान क्षेत्र स्थित महादेव चोटी के पास दाचीगाम के ऊंचाई वाले इलाके में हुई, जहां आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता खुफिया जानकारी के बाद ऑपरेशन शुरू किया गया था।
भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए आतंकियों को चारों ओर से घेर लिया, जिसके बाद भीषण गोलीबारी में तीनों आतंकी मारे गए। हालांकि सेना ने बताया कि अभियान अभी भी जारी है और अन्य संभावित आतंकियों की तलाश की जा रही है।
एक सैन्य अधिकारी ने बताया, “ऑपरेशन महादेव की शुरुआत गुप्त खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी। इलाके की भौगोलिक स्थिति जटिल और दुर्गम होने के कारण अतिरिक्त बल मौके पर भेजे गए थे।”
इस ऑपरेशन का उद्देश्य आतंकियों के नेटवर्क, उनके सहयोगियों (OGWs) और हमदर्दों को पूरी तरह खत्म करना है, ताकि कश्मीर में आतंकी ढांचे को जड़ से उखाड़ा जा सके।
हाशिम मूसा फौजी, जो हालिया पहलगाम आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता था, लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था और उसकी मौत को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी रणनीतिक सफलता मानी जा रही है।
यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

Salute indian army