लोहड़ी के पावन पर्व पर गजक,रेवड़ी और मूंगफली का दहन करते समय नशे को भी जड़ से खत्म करने का संकल्प लें :-एसपी
ऐलनाबाद, 13 जनवरी (एम पी भार्गव) पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने लोहड़ी के पावन पर्व सिरसा वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुख,समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि हर वर्ष 13 जनवरी को देशभर में लोहड़ी का त्योहार मनाया जाता है । यह त्योहार न केवल फसल कटाई का उत्सव है,बल्कि यह आपसी भाईचारे और खुशियों का प्रतीक भी है। लोहड़ी को कड़ाके की ठंड की विदाई और गर्म दिनों की शुरुआत का संकेत माना जाता है । इस खास मौके पर शाम के समय खुले स्थान पर अग्नि जलाकर लोहड़ी के पावन पर्व का उत्सव मनाया जाता है । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लोहड़ी पर्व पर अलाव या आग्नि प्रवज्लित कर परिक्रमा करते हुए अग्नि में तिल,गुड़,गजक,रेवड़ी और मूंगफली डाले समय नशे को भी जड़ से खत्म करने का संकल्प लें । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोहड़ी की अग्नि नकारात्मकता और दुखों को दूर करती है और जीवन में एक नई रोशनी लाती है । ऐसे में लोग लोहड़ी के पर्व को सेलिब्रेट करते हैं,और साथ ही एक-दूसरे को लोहड़ी की ढेरों बधाइयां भी देते हैं । उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर चिंता का विषय है,इसलिए नशे को समाज से उखाड़ फेंकने में प्रत्येक व्यक्ति को लोहड़ी के पर्व पर नशे को जलाने का संकल्प लेना चाहिए ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके । उन्होंने कहा ने आने वाली पीढ़ियों के लिए नशा मुक्त और अपराध मुक्त वातावरण बनाने के लिए हम सब को संकल्पबद्ध होकर इस लड़ाई के खिलाफ एक जुट होकर लड़ना होगा तभी हम एक सभ्य और सशक्त समाज की कल्पना कर सकते है । नशा एक ऐसी बुराई है,जिसकी वजह से व्यक्ति अपना अनमोल जीवन समय से पहले ही बर्बाद कर लेता है,बल्कि नशा करने से व्यक्ति अपने शारीरिक व मानसिक संतुलन को नियंत्रित नहीं कर पाता, जिस कारण उसका सामाजिक एवं आर्थिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित होता है । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन व युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य है,किसी भी राष्ट्र की प्रगति युवाओं की सोच और उनकी कार्यक्षमता पर निर्भर करती है,इसलिए युवाओं को एकजुट होकर नशे के खिलाफ लड़ाई लड़नी चाहिए तभी हम नशा मुक्त समाज की कल्पना कर सकते है ।
